जिला पंचायत सदस्य चौबेपुर (घाटमपुर) सीट के उपचुनाव में निर्दलीय अनिल चौरसिया विजयी घोषित हुए। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा के शिवेंद्र सिंह यादव को 1649 मतों से पराजित किया।
चौबेपुर जिला पंचायत सदस्य हितेंद्र सिंह यादव की मौत के बाद सीट रिक्त हुई थी। हितेंद्र सिंह सपा से जिला पंचायत सदस्य थे। इस कारण पार्टी ने उनके भाई शिवेंद्र सिंह को चुनाव मैदान में उतारा था। इधर, सीट पर भाजपा और अन्य दलों ने अपने उम्मीदवार खड़े नहीं किए थे। तीन अन्य उम्मीदवार अनिल कुमार चौरसिया (जीतू), रामसागर पाल और आकाश कुमार निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़े थे।
शनिवार को कस्बा स्थित ब्लाक मुख्यालय में कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना संपन्न हुई। निर्दलीय अनिल कुमार चौरसिया को कुल 4766 मत मिले। जबकि, सपा प्रत्याशी शिवेंद्र सिंह यादव को 3117, रामसागर पाल को 2460 और चौथे उम्मीदवार आकाश कुमार को सिर्फ 73 मत प्राप्त हुए। उपनिर्वाचन अधिकारी एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि कुल 10650 मत पड़े थे, इनमें 234 मत अवैध घोषित किए गए। सात चक्र में मतगणना पूरी की गई जबकि, दोपहर में गणना समाप्ति के तुरंत बाद परिणाम की घोषणा की गई।
निर्वाचन अधिकारी अपर जिलाधिकारी (नागरिक आपूर्ति) चित्रलेखा ने विजयी प्रत्याशी को जीत का प्रमाणपत्र प्रदान किया। इस मौके पर एसडीएम संजय कुमार, सीओ आरके चतुर्वेदी और कोतवाल देेवेंद्र कुमार दुबे सहित ब्लाक के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रमाणपत्र देने के बाद विजयी जिला पंचायत सदस्य को पुलिस अभिरक्षा में उसके घर पहुंचवाया गया।
तिवारीपुर में मुन्नी देवी बनीं ग्राम प्रधान
तिवारीपुर गांव पंचायत में पूर्व प्रधान की पत्नी मुन्नी देवी यादव विजयी हुईं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी पवन यादव को 485 मतों के अंतराल से पराजित किया। ग्राम पंचायत की सीट ग्राम प्रधान फूलसिंह यादव की बीमारी से हुई मौत के बाद रिक्त हुई थी। उप चुनाव में पूर्व प्रधान की पत्नी मुन्नी देवी, पवन यादव और राजबहादुर कुशवाहा सहित कुल तीन प्रत्याशी मैदान में थे। शनिवार को हुई मतगणना में मुन्नी देवी को कुल 802, पवन यादव को 317 और राजबहादुर कुशवाहा को मात्र 27 वोट मिले। निर्वाचन अधिकारी डा.अमरेश कुमार ने विजयी प्रत्याशी को जीत का प्रमाणपत्र प्रदान किया।