संयुक्त जिला अस्पताल अकबरपुर में कई महीनों से नाले-नालियों की साफ-सफाई न होने पर कीचड़ व गंदगी से मरीज और उनके तीमारदार परेशान हैं। हालात यह हैं कि नालियों से उफनाता पानी सड़क तक आ गया है।
गर्मी के मौसम की शुरूआत होने के बाद संयुक्त जिला अस्पताल पुरुष व महिला में हर रोज बड़ी संख्या में मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। हर रोज सुबह से ही ओपीडी में मरीजों की लाइन लग जाती है।
वहीं महिला अस्पताल में प्रसव के लिए दिन-रात ग्रामीण क्षेत्रों से महिलाएं आती हैं। परंतु महीनों से अस्पताल के नाले-नालियों की साफ-सफाई न होने से उठती दुर्गंध से लोग परेशान होते हैं। दोपहर में पेड़ों की छांव में बैठने वाले लोगों के लिए मुसीबत बनी रहती है।
सफाई न होने से नालों का उफनाता पानी सड़क में भर जाता है। ऐसे में सड़क से निकलने वाले लोगों को पानी से होकर जाना पड़ता है।
वहीं सफाई के अभाव में महीनों से जमे पानी में काई हो गई है। इससे मच्छरों का झुंड रात में मरीज और तीमारदारों की नींद हराम करते हैं।
इस बाबत महिला अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डा. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि जिला अस्पताल से पानी के निकास की व्यवस्था नहीं है। बरसात के दिनों में डाक्टरों और कर्मचारियों को जलभराव से होकर निकलना पड़ता है। कई बार उच्चाधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है। इसका खामियाजा सभी भुगत रहे हैं।
जिला अस्पताल से पानी निकास का साधन नहीं कानपुर देहात। जिला अस्पताल में पानी निकास के लिए अंदर तो नाले-नालियों का जाल बना दिया गया, लेकिन नाली से पानी निकास की कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में जिला अस्पताल का पानी नालियों में भरा रहता है। इससे गंदगी और दुर्गंध पैदा होती है।
बरसात के दिनों में स्थिति और खराब होती है। पानी निकलने की व्यवस्था न होने से जिला अस्पताल में जलभराव के हालात रहते हैं। पूर्व में सीएमएस ने जिलाधिकारी सहित विभागीय अधिकारियों को पत्र लिखकर स्थलीय रूप में जलभराव की समस्या दिखाई, लेकिन हालत जस के तस बने हुए हैं।