सीडीओ से शिकायत करने जाते स्वास्थ्यकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने मुख्य चिकित्साधिकारी पर शासन के निर्देश के बावजूद तानाशाही रवैया से ण्जिले में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों को समय से वेतन का भुगतान किए जाने का आरोप लगाते हुए सीएमओ कार्यालय मे जमकर हंगामा काटा।
इसके बाद पैदल मार्च करते हुए मुख्य विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन ने कर्मचारियों को समय से भुगतान कराए जाने की मांग की है।
शुक्रवार को डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष रामशंकर गौतम व महामंत्री पीके कटियार ने संयुक्त नेतृत्व में कर्मचारियों ने कई माह का वेतन न मिलने से सीएमओ कार्यालय में हंगामा काटते हुए नारेबाजी की। इसके बाद पैदल मार्च करते हुए सीडीओ कार्यालय पहुंचें।
वहां ज्ञापन सौंपते हुए अध्यक्ष रामशंकर गौतम ने बताया कि कर्मचारी संघ ने कई बार मुख्य चिकित्साधिकारी से लिखित व मौखिक रुप से वेतन भुगतान किए जाने का अनुरोध किया। लेकिन शासन के निर्देश के बावजूद सीएमओ ने तानाशाही रवैये के चलते कर्मचारियों के कई माह के वेतन का भुगतान नही किया है।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमरौधा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुखरायां, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसूलाबाद, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलासा (देवीपुर), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हवासपुर के कर्मचारियों का सितंबर और अक्टूबर और पोस्टमार्टम हाउस अकबरपुर के कर्मचारियों का जून से अक्टूबर तक के वेतन का भुगतान नही किया गया है।
वेतन न मिलने पर कर्मचारियों के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। एसोसिएशन ने कर्मचारियों को वेतन दिलाए जाने की गुहार लगाई है।