मुख्यमंत्री से भेंट करने पहुंचीं घाटमपुर की विधायक कमलरानी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
क्षेत्रीय भाजपा विधायक कमलरानी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ से भेंट करके उनको विधान सभा क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। इसमें मुख्य रूप से तीन बिंदुओं पर चर्चा की, और उनको हल कराए जाने की मांग उठाई। उन्होंने चीनी मिल की खाली पड़ी जमीन पर उद्योग लगवाने की बात कही।
विधायक कमल ने बताया कि बीते दिवस उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की। औपचारिक वार्ता के बाद उन्होंने घाटमपुर विधानसभा क्षेत्र की मुख्य समस्याओं पर चर्चा करने के साथ ही लिखित पत्र भी दिया। बताया कि पहली समस्या घाटमपुर कसबे के मुख्य चौराहे पर लगने वाले जाम की बताई। उन्होंने बताया कि वर्षाकालीन सत्र में बीती 18 जुलाई को सदन में इस मुद्दे को उठाया भी था। जिसमें मुख्य चौराहे पर ओवरब्रिज बनवाए जाने की मांग शामिल है।
इसी तरह दूसरी मांग में, उन्होंने इलाके के लोगों की बेरोजगारी कम करने के लिए घाटमपुर चीनी मिल की खाली पड़ी 400 एकड़ भूमि पर कोई उद्योग लगवाए जाने की उठाई। सुझाव दिया कि उद्योग लगने के बाद क्षेत्र के युवाओं को रोजगार मिलेगा। बताया कि रामसारी गांव के ऊसर में वर्ष 1987 में स्थापित की गई चीनी मिल को एक अरब से अधिक के घाटे पर पहुंच जाने के बाद वर्ष 2009 में बंद कर दिया गया था। उसकी मशीनरी को भी नीलाम कर दिया गया।
विधायक ने सीएम के सामने इलाके के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराए जाने के लिए घाटमपुर में 100 बेड का अस्पताल भी बनवाए जाने का प्रस्ताव रखा। बताया कि 50 किलोमीटर की परिधि में कोई ऐसा अस्पताल न होने से समस्या है। उन्होंने क्षेत्र के रजबहों और माइनरों के अंतिम छोर तक पानी न पहुंचने की समस्या भी सीएम को बताई।