सेना भर्ती के लिए दौड़ लगा रहे युवक से मंगलवार की रात बाइकसवार तीन बदमाशों ने मोबाइल फोन तथा 2900 रुपये छीन लिए। युवक के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने रसूलाबाद बाजार में दो युवकों को घेरकर पकड़ लिया और पीटकर पुलिस के हवाले कर दिया। जबकि, एक बदमाश मौके से भाग निकला। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल दिया।
रसूलाबाद के यादवनगर निवासी संदीप कुमार ने बताया कि सेना में भर्ती होने के लिए रोजाना दौड़ लगाता है। मंगलवार की रात वह अभ्यास कर घर लौट रहा था। मां वैष्णो देवी डिग्री कॉलेज के निकट लहरापुर रोड पर बाइक सवार युवक आए और धक्का मारकर गिरा दिया। मोबाइल तथा 2900 रुपये लूटकर रसूलाबाद की ओर भाग निकले। शोर मचाने पर पीछे से आ रहे दो युवकों ने फोन पर आगे जानकारी दे दी। इस पर ग्रामीणों ने बाजार में दो युवकाें को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। उन्होंने अपने नाम राहुल पुत्र महेंद्र सिंह निवासी चांवरपुर अजीतमल औरैया तथा प्रांशु उर्फ सतेंद्र पुत्र छोटे सिंह निवासी मोहद्दीपुर अजीतमल बताया। भागने वाले युवक का नाम आशु पोरवाल निवासी अटसू औरैया बताया गया। पकड़े गए बदमाशों के पास बिना नंबर की काली बाइक बरामद की गई है। थानाध्यक्ष अनिल त्रिपाठी ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। दोनों को जेल भेज दिया गया है। तीसरे की तलाश में दबिश दी जा रही है।