कानपुर के चकरपुर मंडी के पास व्यापारी को लूटकर भागे बदमाश को रनियां पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से 20 हजार रुपये व लोडर बरामद हुआ है।
वहीं उसका साथी फरार हो गया। पूछताछ में लूट की कई घटनाओं का खुलासा किया। पकड़ा गया बदमाश जेल भी जा चुका है। वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक पुष्पांजलि ने बताया कि गुरुवार को सचेंडी क्षेत्र के चकरपुर मंडी में व्यापारी राधाकृष्ण त्रिपाठी पुत्र नत्थूलाल आए थे।
मंडी गेट के पास पहुंचते दो लुटेरों ने उन्हें दबोचकर एक लाख रुपये लूट लिए। दोनों बदमाश लोडर पर सवार होकर फरार हो गए। जानकारी होने पर रनियां और अकबरपुर पुलिस ने घेराबंदी की।
श्यामपुर बंबा के पास घेराबंदी कर लुटेरे गोविंद बाथम निवासी भूड़पुर मछरिया, नौबस्ता कानपुर को दबोच लिया गया। साथी सरविंद उर्फ शत्रुघ्न कश्यप निवासी गांव राधन, शिवराजपुर भाग निकला। पुलिस के मुताबिक अरविंद के पास लूटा गया शेष 80 हजार रुपया है।
एसपी ने बताया कि गोविंद बाथम के खिलाफ धारा 411,420,467,468,471 के तहत कानपुर के थाना सजेती, धारा 379 के तहत थाना गोविंद नगर व सचेंडी में धारा 392 के तहत मुकदमा दर्ज है। फरार साथी शत्रुघ्न पर कानपुर के गोविंदनगर व सचेंडी में तीन मुकदमे दर्ज हैं। दोनों मिलकर वारदात को अंजाम देते थे।
चालक को मारपीट कर लूटा था लोडर- कानपुर देहात। व्यापारी से लूट के दौरान प्रयुक्त लोडर भी गोविंद बाथम ने 26 अगस्त को लूटा था। लोडर उसने कानपुर में बर्रा से भैंस लाने के लिए बुक कराया था। उस वक्त जालौन चलकर भैंस लादने की बात कही थी। रास्ते में ही चालक रामदयाल को मारपीट कर सड़क किनारे फेंक दिया।
31 अगस्त को व्यापारी से लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक लोडर को कई लोगों ने बेंचा खरीदा है। कागजात के आधार पर छानबीन कराई जा रही है कि उसका मालिक कौन है।