भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के देवीपुर से बदमाशों ने ड्राइवर को बंधक बनाकर गेहूं लदा ट्रैक्टर लूट लिया। बदमाश चालक से 400 रुपये और मोबाइल लूट कर भरथना में फेंक दिया। बुधवार को चालक के मिलने पर घटना की जानकारी हो सकी। बता दें कि ट्रैक्टर मालिक और परिजन तलाश करते घूम रहे थे। लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
भोगनीपुर कोतवाली पहुंचे आटा, जालौन के इटौरा निवासी चालक गणेश शाहू ने बताया कि मंगलवार की भोरपहर ट्रैक्टर में 90 क्विंटल गेहूं लादकर अकबरपुर कोतवाली के नवीपुर स्थित फ्लोर मिल के लिए निकाला था। साथ में दो ट्रैक्टर और भी थे। रास्ते में वह पिछड़ गया। दोनों ट्रैक्टर आगे निकल गए। भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के कानपुर हाइवे में देवीपुर चौराहा पर बने फ्लाईओवर पर पहुंचते ही पीछे से आई ट्वेरा कार सवारों ने रोक लिया। कार से उतरे तीन लोगों ने मारपीट की और हाथ पैर बांधकर डिग्गी में डालकर ले गए।
ट्रैक्टर गेहूं सहित कहां लूट कर ले गए यह जानकरी नहीं है। हाथ-पैर बांधकर औरैया के भरथना के पास फेंक दिया। रास्ते में उसके साथ मारपीट करके जेब में पड़े 400 रुपये और मोबाइल भी छीन लिया। किसी तरह हाथ पैर खोलकर वह एक लोडर वाले को अपनी मजबूरी बताकर भोगनीपुर तक आया। यहां सभी लोग मिल गए।
टैक्टर मालिक अशोक गुप्ता ने बताया कि साथ के ट्रैक्टर ड्राइवरों ने उसके ट्रैक्टर और ड्राइवर के न पहुंचने की सूचना दी थी। जिसकी वह तलाश करा रहे थे। तहरीर जालौन के आटा थाना और भोगनीपुर कोतवाली में दोनों जगह दी है। कोतवाल राधामोहन दुबे ने बताया कि लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। ट्रैक्टर की तलाश शुरु कराई गई है। ड्राइवर से भी जानकारी की जाएगी।