चौबेपुर क्षेत्र के मरखरा गांव में चुनावी रंजिश में मंगलवार देर रात एक पक्ष के लोगों ने कसबा आए युवक पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। युवक घायल हो गया। परिजनों ने उसे सीएचसी में भर्ती क राया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन सगे भाइयों सहित चार लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
जानकारी के मुताबिक मरखरा गांव निवासी गोरे लाल एवं गांव के ही मनोज पाल के बीच पंचायत चुनाव से ही रंजिश चली आ रही है। बताया गया कि गोरे लाल प्रधान पद का प्रत्याशी था जबकि मनोज ने इनके प्रतिद्वंद्वी और वर्तमान राजेश यादव का समर्थन किया था। इस मामले को लेकर होली पर भी दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था।
जिसमें गोरे लाल आदि लोग चुटहिल हुए थे। मंगलवार देर रात मनोज बाइक से कसबा चौबेपुर गया था। तभी बिठूर रोड तिराहे के पास गोरे लाल ने अपने साथियों के साथ उसे घेर लिया। आरोप है कि लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी से हमला कर लहूलुहान कर दिया।
सड़क किनारे बेहोश पड़े युवक की सूचना पुलिस कंट्रोल रूप को दी गई लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। जानकारी पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को सीएचसी लेकर गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने मनोज को कानपुर रेफर कर दिया। मनोज के पिता देशराज की तहरीर पर पुलिस ने गोरेलाल, शेष नारायण, विशाल पुत्रगण छोटे लाल और अजीत पुत्र फिरंगीलाल के विरुद्ध रिपोर्ट दर्जकर सभी आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।