भीतरगांव (कानपुर)। कस्बे के पसेमा रोड के किनारे एक अधेड़ की हत्या कर झाड़ियों में फेंका गया शव बरामद हुआ। अधेड़ की गर्दन पर धारदार हथियार के निशान और चेहरा भी कुचला हुआ था। पुलिस ने शव बरामद करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उसकी शिनाख्त कुम्हऊपुर (भीतरगांव) निवासी उमेश कुरील के रूप में हुई। पुलिस ने हत्या जुए व नशेबाजी के विवाद में होने की आशंका जताई गई है।
कस्बे के कुम्हऊपुर गांव निवासी सब्जी विक्रेता उमेश कुरील (45) अपने चचेरे भाई रंजीत कुरील के साथ रहता था। गुरुवार की दोपहर उसका शव शराब ठेका से करीब 50 मीटर की दूरी पर रोड किनारे झाड़ियों के बीच औंधे मुंह पड़ा देखा गया। गर्दन धारदार हथियार से रेती गई थी। जबकि, चेहरा भी कुचला हुआ था। सीओ शैलेंद्र सिंह और कोतवाल हरमीत सिंह मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को बुलवाने के साथ ही शव को झाड़ियों के बीच से निकलवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
कोतवाल ने बताया कि आसपास के लोगों ने पूछताछ में बताया कि उमेश बुधवार की देर शाम गांव के एक जुआरी युवक से विवाद करते देखा गया था। गांववालों के मुताबिक, उमेश शराब और जुए का लती था। पुलिस उक्त युवक की तलाश कर रही है। कोतवाली में मृतक के चचेरे भाई रंजीत कुरील की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू की गई है। दोपहर बाद कोतवाली पहुंचे एसपी ग्रामीण प्रदुम्न सिंह ने भी हत्याकांड के बारे में जानकारी ली।
अधेड़ की हत्या कर शव झाड़ियों में फेंका