सजेती (घाटमपुर)। थानाक्षेत्र के गांव रामपुर (पाराचांद) में जमीन के विवाद में किसान ज्ञानेंद्र संखवार (58) की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। बेटे सतेंद्र कुमार की तहरीर पर पुलिस पड़ोस के गांव श्रीनगर निवासी तीन सगे भाइयों को गिरफ्तार कर थाने ले आई। घटना के बाबत तीनों से पूछताछ की जा रही है।
किसान के बेटे सतेंद्र के मुताबिक रविवार को उसके नलकूप से गांव के ही रामबालक वर्मा के खेतों में पानी छोड़ा जा रहा था। रात में पिता नलकूप के बाहर चारपाई में सो रहे थे। नलकूप के बंद होने पर रामबालक के पहुंचने पर पिता की धारदार हथियार से काटकर हत्या किए जाने का पता चला। बेटे ने इंद्रकुमार के पुत्रों राजकुमार, संजय और अजय पर हत्या का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी। बताया कि जमीन को लेकर पिता का तीनों से विवाद चल रहा था। एसओ अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। थाने पहुंचकर एसपी (ग्रामीण) प्रद्युमभन सिंह ने भी आरोपियों से पूछताछ की।