भीतरगांव (घाटमपुर)। रविवार की रात जनता कर्फ्यू के बीच चोरों ने साढ़ थानाक्षेत्र के कुंदौली गांव में चोरों ने मार्केट में धावा बोलकर शराब ठेका और दो दुकानों के शटर काटकर लाखों रुपये की चोरी कर ली। उन्होंने एक किरायेदार के कमरा का भी ताला तोड़ा और वहां से भी काफी माल समेट ले गए। थाना साढ़ में घटना की सूचना दी गई है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
साढ़-रमईपुर मार्ग पर कुंदौली गांव की चौहार मार्केट में धावा बोला। चोरों ने कुंदौली गांव निवासी सचिन सिंह चौहान की मोबाइल शाप का शटर तोड़कर 20 हजार रुपये के साथ ही हजारों रुपये कीमत के मोबाइल सेट और अन्य सामान चोरी किया। सचिन सिंह के मुताबिक चोर उसकी दुकान से तकरीबन डेढ़ लाख रुपये का सामान ले गए।
इसके बाद बगल में ही स्थित अमौली गांव निवासी दयाराम की अंग्रेजी शराब की दुकान में धावा बोला यहां से गुल्लक के अलावा शराब की दो पेटियां उठा ले गए। जबकि, शीलू सिंह परिहार की गिट्टी-मौरंग की दुकान में रखा गुल्लक पार कर दिया। शीलू सिंह ने बताया कि गुल्लक में तकरीबन 15 हजार रुपये फुटकर रखे थे।
इसके बाद चोरों ने मार्केट की दूसरी मंजिल पर किराये का कमरा लेकर रह रहे शिक्षक दीपू सिंह कछवाह के कमरे का भी ताला तोड़ दिया। चोर उसके कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ने के बाद जेवर-नगदी ले गए। शिक्षक का परिवार अपने गांव गया हुआ था।
साढ़ थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार रावत ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने सबूत एकत्र किए हैं। जिनके सहारे पुलिस जल्द ही चोरों की तलाश करके घटना का खुलासा करेगी। बताया कि पिछले दिनों ठीक इसी तर्ज पर घाटमपुर कस्बे में भी दुकानों और मकानों में चोरी की कई घटनाएं हुई थीं। इसमें घाटमपुर पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। बताया कि घटना के खुलासे के लिए वहां से भी मदद मांगी गई है।