पतारा (कानपुर)। कस्बे के रेलवे स्टेशन रोड के सामने तेज रफ्तार टेंपो आगे खड़े ट्रक से जा टकराया। हादसे में टेपों का चालक और खलासी घायल हो गए। टेंपो चालक की हालत गंभीर बताई गई है। सीएचसी से उसे कानपुर रेफर किया गया है।
थाना नौबस्ता (कानपुर) के मछरिया निवासी मो.फहीम (26) मंगलवार रात लोडर टेंपो में भाड़ा लादकर घाटमपुर की ओर जा रहा था। साथ में मछरिया निवासी खलासी अनीस अहमद भी था। जैसे ही पतारा कस्बे के रेलवे स्टेशन रोड के सामने पहुंचा। तभी, सामने से आ रहे अन्य वाहन से बचने के चक्कर में चालक ने टेंपो को एक मोड़ दिया।
जिससे टेंपो सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा टकराया। जानकारी होने पर ट्रक चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। लोगों ने टेपों में फंसे चालक और उसके खलासी को बाहर निकाला और दोनों को सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार करने के बाद दोनों को कानपुर रेफर कर दिया। डॉक्टरों ने टेंपो चालक मो.फहीम की हालत गंभीर बताई है।