पतारा (घाटमपुर)। मंगलवार को कानपुर-सागर राजमार्ग पर पिकअप लोडर ने ई रिक्शा में टक्कर मार दी। सड़क हादसे में ई रिक्शा चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। सीएचसी से दो घायलों को कानपुर रेफर किया गया है।
गुजेला (सजेती) निवासी ई-रिक्शा चालक अनिकेत प्रजापति (23) मंगलवार दोपहर गांव के नीरज कुमार (25) और उसकी बहन नैंशी देवी (20) को ई रिक्शा पर बैठाकर पतारा आया था। वह कानपुर-सागर राजमार्ग से तिलसड़ा रोड पर मुड़ने लगा। तभी पीछे से कानपुर की ओर जा रहा पिकअप लोडर उसके रिक्शे में टक्कर मारता हुआ निकल गया। पिकअप लोडर की टक्कर से ई रिक्शा चालक समेत नीरज और उसकी बहन भी घायल हो गए। तीनों को तत्काल सीएचसी पतारा पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद ई रिक्शा चालक अनिकेत और नीरज कुमार को कानपुर रेफर कर दिया।