भीतरगांव (कानपुर)। साढ़ के गांव बंगलन (कुड़नी) में 12 जून को संदिग्ध हालात में मृत मिली किशोरी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या किए जाने का खुलासा हुआ। जबकि, उसके पिता ने सांप डसने से मौत होने की अफवाह फैलाई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने मृतका के पिता के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इधर, आरोपी घर पर ताला बंद करके परिवार के साथ फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
गांव निवासी फूलचंद्र कुरील की बड़ी बेटी पूनम उर्फ सीमा (16) 12 जून को संदिग्ध हालात में अपने घर की छत पर मृत पाई गई थी। किशोरी के पिता ने उसकी मौत सांप डसने की अफवाह फैलाई थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो उसकी हत्या की बात उजागर हुई। किशोरी के सिर पर चोट होने से ही गला दबाने की पुष्टि हुई।
प्रभारी थानाध्यक्ष कृष्णमोहन ने बताया कि आरोपी पिता फूलचंद्र पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया कि प्रथम दृष्टाया जांच में जो बात सामने आई है, उसके मुताबिक पूनम का पड़ोसी गांव के एक लड़के से प्रेमप्रसंग चल रहा था। पिता ने समझाया और न मानने पर पीटा भी था। उसकी शादी भी किसी दूसरी जगह तय कर दी लेकिन, पूनम वहां शादी करने को तैयार नहीं थी। नाराज होकर फूलचंद्र ने बेटी की हत्या कर दी। जबकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मामला खुलने के भय से रात में घर पर ताला डालकर परिवार के साथ फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की लोकेशन मिल गई है शीघ्र ही उसे पकड़ लिया जाएगा।