उप जिलाधिकारी कमलेशचंद्र बाजपेई ने गुरुवार को तहसील क्षेत्र के कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ परिषदीय परीक्षा का सचल दल भी था। उन्होंने दो परीक्षा केंद्रों में खुलेआम बोल-बोलकर नकल कराए जाने का मामला पकड़ा।
दोनों ही केंद्रों को डिबार करने की संस्तुति की गई। शुक्रवार को सुबह पाली में हाईस्कूल की विज्ञान और सायं पाली में इंटरमीडिएट की भौतिक विज्ञान की परीक्षा थी।
एसडीएम ने परिषदीय परीक्षा सचल दल (5) के प्रभारी और राजकीय इंटर कालेज खेरसा (बिधनू) के प्रधानाचार्य गौतम प्रसाद के साथ सुबह पाली में रन्नो देवी आदर्श विद्यालय (घुघुवा) का निरीक्षण किया।
सचल दल के पहुंचते ही परीक्षा केंद्र में हलचल मच गई। निरीक्षण के दौरान सभी छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं में एक जैसे उत्तर लिखे मिले।
जबकि, नौ परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं में किसी शिक्षक द्वारा चित्र बनाया गया था। इन उत्तर पुस्तिकाओं पर दो तरह की लिखावट (हस्तलिपि) मिली। जबकि, गेट पर अभिभावकों की भीड़ उपस्थिति मिली।
इसके बाद सचल दल ने दक्षिणी नोन नदी के किनारे स्थित इटौरा गांव के आर्यवर्त इंटर कालेज में छापा मारा। इस केंद्र में कक्ष संख्या 01 से 08 तक में परीक्षा दे रहे परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं में एक जैसे उत्तर लिखे पाए गए।
एसडीएम ने बताया कि इससे केंद्र में बोल-बोलकर नकल कराए जाने की पुष्टि हुई। उपजिलाधिकारी ने बताया कि दोनों ही परीक्षा केंद्रों की रिपोर्ट बनाकर डीएम को भेजी गई है, जिसमें परीक्षा केंद्र में तैनात केंद्र व्यवस्थापक और सभी कक्ष निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से बदलने और इन केंद्रों की परीक्षाएं अन्य केंद्रों में कराने की संस्तुति की गई।
इसके अलावा विपाता-गुलाबरानी (नौरंगा), राणाप्रताप इंटर कालेज (भदवारा), आदर्श वैदिक इंटर कालेज(कुवांखेड़ा), रामसारी और पतारा के किसान औद्योगिक इंटर कालेज में भी छापेमारी की गई।