मुख्य विकास अधिकारी शंभू कुमार ने गुरुवार को भीतरगांव विकास खंड क्षेत्र के परौली और पचखुरा लोहिया समग्र गांवों का निरीक्षण किया।
इससे पहले उन्होंने रास्ते में पतारा ब्लाक के गांवों धरमपुर, नगेलिनपुर और संचितपुर का भी हाल देखा।
पचखुरा गांव में सीडीओ ने गांववालों की शिकायत पर सफाई कर्मचारी को तैनात करने और जाम पड़ी नालियों की सफाई कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान गांववालों की मांग पर बीडीओ अशोक कुमार से 25 और शौचालयों का स्टीमेट बनाकर भेजने को कहा। गांव के परिषदीय विद्यालय में चौपाल लगाकर निर्बल वर्ग आवास, कृषि और आवासीय पट्टों का सत्यापन, मनरेगा के तहत रोजगार दिवसों का सृजन, बिजली आपूर्ति और पेयजल संकट की जानकारी ली।
उन्होंने जल निगम के सहायक अभियंता को खराब हैंडपंपों की रीबोरिंग कराने और कम पानी दे रहे हैंडपाइपों में अतिरिक्त पाइप डालने के भी निर्देश दिए।
भीतरगांव समाचार प्रतिनिधि के अनुसार मुख्य विकास अधिकारी ने रिंद नदी के किनारे स्थित परौली गांव में लोहिया समग्र गांव में करवाए गए विकास कार्यों की हकीकत को जांचा।
उन्होंने गांव में सफाई की व्यवस्था काफी खराब पाई। जिसपर बीडीओ को सफाई कर्मचारियों को तलब कर उनको हिदायत देने के निर्देश दिए। राशन वितरण, पेंशन योजना, सुकन्या योजना और गांव में बने शौचालयों की स्थिति देखी।
पतारा समाचार प्रतिनिधि के अनुसार सीडीओ ने भीतरगांव के लोहिया समग्र गांवों का निरीक्षण करने से पूर्व रास्ते में धरमपुर, नगेलिनपुर और संचितपुर गांवों का भी हाल देखा। वहीं ब्लाक परिसर से सटी रखी दुकानों को हटवाने के निर्देश दिए।