मंधना स्थित ब्लू वर्ल्ड पार्क से मौजमस्ती कर लौट रहे कार सवार युवकों ने मंधना-पचोर मार्ग पर गुरुवार रात राहगीर और एक साइकिल सवार को टक्कर मार दी और भाग निकले।
आगे जाकर इन कार सवारों ने एक अन्य साइकिल सवार युवती को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह लहूलुहान हो गई। युवती को टक्कर मारने के बाद भी कार की रफ्तार कम नहीं हुई और आगे जाकर एक पेड़ में टकरा गई। जिसके बाद ग्रामीणों ने खेेतों में भाग रहे युवकों की घेराबंदी पकड़ा और उनकी जमकर पिटाई की और पुलिस को सौंप दिया।
गुरुवार अछल्दा औरैया निवासी दीपक यादव पुत्र शिवपाल सिंह कसबे के ही दो दोस्तों मुकेश पुत्र अरविंद और पवन पुत्र नीरज कुमार के साथ कार से ब्लू वर्ल्ड पार्क मौजमस्ती करने आया था। बताया गया है कि गुरुवार रात करीब 8:30 बजे घर वापसी के दौरान मंधना क्रासिंग के निकट जीटी रोड पर उनके कार की टक्कर एक साइकिल सवार और राहगीर से हो गई। जिसके बाद कार चला रहा दीपक घबरा गया और कार को तेज रफ्तार में पचोर मार्ग पर लेकर भागने लगा।
भागने के प्रयास में कार ने रघुनाथपुर गांव के निकट एक अन्य साइकिल सवार आरती (22) निवासी रायपुर को कुचल दिया । दुर्घटना में युवती बुरी तरह लहूलुहान हो गई। उधर, इसके बाद भी कार की रफ्तार कम नहीं हुई और वह अनियंत्रित होकर ततारपुर गांव के पास एक पेड़ से जा टकराई। जिसके बाद कार सवार युवक गाड़ी छोड़कर मौके से खेतों की ओर भागने लगे। इसी दौरान बाइकों से पीछा कर रहे ग्रामीणों ने तीनों युवकों को दबोच लिया और धुनाई शुरू कर दी।
जमकर धुनाई करने के बाद मामले की सूचना थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस युवकों पकड़ थाने ले आई। एसओ राकेश यादव ने बताया कि दुर्घटना में घायल युवती को उपचार के लिए सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद हैलट अस्पताल भेजा गया है। तहरीर मिलने पर आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाई की जाएगी।