रविवार को जिले के अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में एक युवक की मौत हो गई। जबकि दुर्घटना में छह लोग जख्मी हुए हैं। दूसरी घटना में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायल जिला अस्पताल लाए गए।
कस्बा मुंगीसापुर निवासी दीपक गुप्ता (32) पुत्र राधेश्याम, पत्नी प्रियंका (30), पुत्री अंक्षी (4) व अलोक गुप्ता (26) पुत्र सीताराम, चंदन सिंह (28) पुत्र अशोक कुमार निवासी राजवेद कालोनी भोपाल (एमपी) कार में सवार होकर शनिवार की रात 12 बजे एक वैवाहिक समारोह से लौट रहे थे। अकबरपुर कोतवाली के मोहम्मदपुर गांव के पास ढाबे के बाहर ट्रक बैक किया जा रहा था।
तभी कार ट्रक में घुस गई। इसमें दीपक गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। जब कि घायलों को डायल 100 व स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना परिजनों को दी गई। अकबरपुर कोतवाल अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि अभी किसी ने तहरीर नहीं दी है। मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
वहीं, दूसरी घटना में रविवार की देर शाम डेरापुर थाना क्षेत्र के भड़पुरा मोड़ के पास कानपुर की ओर जा रहे बाइक सवार राजपाल (32) पुत्र रामबाबू निवासी खानपुर चैन, पंचू(30) पुत्र तुलाराम निवासी अज्ञात को ट्रक ने टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई हैं। वहीं, बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे। ट्रक को पकड़ लिया गया है। जब कि चालक मौके से भाग निकला।