जिला पंचायत चौबेपुर सीट के लिए चुनाव सामग्री सहेजती पोलिंग पार्टियां।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
त्रिस्तरीय पंचायत उप चुनाव के लिए गुरुवार को मतदान होना है। इसके लिए बुधवार की दोपहर संबंधित पोलिंग स्टेशनों पर मतदान पार्टियों को रवाना किया गया। जिला पंचायत चौबेपुर (घाटमपुर) सीट के लिए निर्वाचन अधिकारी और एडीएम (खाद्य आपूर्ति) चित्रलेखा सिंह और एसडीएम संजय कुमार ने ब्लाक मुख्यालय से पोलिंग पार्टियों को रवाना करवाया। इधर, भीतरगांव क्षेत्र की रिक्त हुई तिवारीपुर ग्राम पंचायत में प्रधान पद का चुनाव होना है। वहां पर भी पोलिंग पार्टी दोपहर में ही पहुंच गई।
भीतरगांव समाचार प्रतिनिधि के अनुसार तिवारीपुर की सीट ग्राम प्रधान की बीमारी से मौत होने के बाद रिक्त हुई थी। चुनाव अधिकारी डा. अमरेश कुमार ने बताया कि चुनाव मैदान में कुल तीन उम्मीदवार हैं। बताया कि तिवारीपुर ग्राम पंचायत में पड़ोसी गांव मलखानपुर भी शामिल है। दोनों गांवों को मिलाकर कुल 2076 मतदाता हैं।
मतगणना 24 फरवरी को होनी है इसमें जिला पंचायत सीट चौबेपुर की मतगणना घाटमपुर ब्लाक मुख्यालय और तिवारीपुर ग्राम पंचायत के प्रधान पद की मतगणना भीतरगांव विकास खंड मुख्यालय पर कड़ी सुरक्षा के बीच कराई जाएगी।