नगर निकाय चुनाव में बुधवार को जिले की दो नगरपालिका और सात नगर पंचायत की सभी सीटों के लिए हुए मतदान में 74.16 फीसदी वोटिंग हुई। सर्वाधिक मतदान 80.91 शिवली में हुआ। जबकि सबसे कम रसूलाबाद में 69.17 फीसदी रहा। इसी तरह से अन्य नगरपालिका और पंचायतों का मतदान प्रतिशत का प्रतिशत भी जोरदार रहा।
वहीं, डेरापुर नगर पंचायत में भाजपाइयों के धांधली का आरोप लगाने के अलावा सभी जगह शांतिपूर्ण मतदान हुआ। बुधवार को मौसम सुहाना रहा और इसका असर मतदान में भी देखने को मिला। शाम तक पोलिंग बूथों में मतदाताओं की लंबी लाइनें लगी रहीं।
नगर पंचायत शिवली में सर्वाधिक वोटिंग 80.91 फीसद, डेरापुर में 79.02, अमरौधा में 74.87, नगर पालिका पुखरायां में 73.75, नगर पंचायत सिकंदरा में 72.86 और रूरा में 72.77 फीसद, नगर पालिका झींझक में 70.16 और नगर पंचायत अकबरपुर में 74.50 मतदान हुआ।
डेरापुर में भाजपा प्रत्याशी के पति अनुग्रहण नारायण मिश्रा को हिरासत में लिए जाने पर भाजपाइयों ने धांधली का आरोप लगा दोबारा मतदान कराने की मांग की। इसके अलावा जिलेे की सभी नगरपालिका और नगर पंचायत के लिए हुआ मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। कमिश्रर पीके माहंति, आईजी आलोक सिंह, डीएम राकेश कुमार सिंह और एसपी रतनकांत पांडेय बूथों का निरीक्षण करते रहे।