झींझक। दिल्ली-हावड़ा रूट पर झींझक रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक में शुक्रवार सुबह बीएसएफ जवान का शव पड़ा मिला। छानबीन में उसके पैंट की जेब से मिले आधार कार्ड और आईकार्ड से उसकी पहचान हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से जवान की ट्रेन से गिरकर मौत की पुष्टि हुई है। झींझक रेलवे स्टेशन के निकट खंभा 1082/6 के सामने अप-डाउन लाइन के बीच अज्ञात युवक का शव पड़े होने की सूचना स्टेशन मास्टर ने जीआरपी को दी। जीआरपी चौकी इंचार्ज बुद्धिराज सिंह मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। शव की तलाशी में मृतक की पैंट की जेब से आधार कार्ड और पहचान पत्र मिला। चौकी इंचार्ज ने बताया कि मुकेश (24) पुत्र वेदप्रकाश निवासी आम्रपुर करनाल हरियाणा का आधार कार्ड मिला। मुकेश के पटना में बीएसएफ में तैनात होने की जानकारी मिली है। परिजनों को घटना की जानकारी भेजी गई है। भाई सोनू घटनास्थल के लिए परिजनों के साथ रवाना हो गया है। भाई सोनू ने बताया कि मुकेश बीएसएफ की एनडीआरएफ विंग पटना में तैनात था। वह बृहस्पतिवार को पटना जाने के लिए घर से निकला था। करनाल से बस लेकर दिल्ली पहुंचा, जहां से उसने रात में पटना के लिए ट्रेन पकड़ी। लेकिन, उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि वह किस ट्रेन से पटना जा रहा था। चौकी इंचार्ज का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से गिरकर मौत की पुष्टि हुई है। परिजन शव लेकर करनाल के लिए रवाना हो गए हैं।
-----------------------