मालदा बंगाल में तैनात मंगलपुर थाना क्षेत्र के परौख गांव निवासी बीएसएफ जवान की बीमारी से मौत हो गई। बुधवार सुबह मालदा से शव गांव पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया। राजकीय सम्मान के साथ गांव में ही अंतिम संस्कार किया गया। जवान को अंतिम विदाई देने के लिए सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
परौख गांव निवासी छोटे लाल सेंगर का पुत्र अमित (23) वर्ष 2013 में 171 राजस्थान बटालियन छत्तीसगढ़ में बीएसएफ में भर्ती हुआ था। छह माह पूर्व अमित की तैनाती मालदा बंगाल में हुई थी। बीते शुक्रवार को ब्रेन की नस में दिक्कत आने पर उसकी हालत बिगड़ गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर अमित की मां राजा बेटी भी मालदा पहुंचीं, लेकिन उपचार के दौरान अमित की मौत हो गई। मंगलवार रात्रि मां राजाबेटी व बीएसएफ के
एएसआई एचके जोशी व साथी जवान उसका शव लेकर पैतृक गांव पहुंचे।
इधर, गांव में सीओ डेरापुर माजिद अब्सार, एसडीएम डेरापुर सुरजीत सिंह, थानाध्यक्ष मंगलपुर जेपी यादव, दरोगा हंसराज के अलावा जिले से गारद के मौके पर पहुंची। मृतक जवान के बड़े भाई अंकित का कहना है कि भाई को अवकाश ना मिलने के कारण मानसिक तनाव हो गया। तनाव के कारण ब्रेन में समस्या हुई थी, जिसके चलते उसकी मौत हो गई।