बैंक के पीछे लगी खिड़की की जांच करते कोतवाल।
पुखरायां। भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के नोनापुर गांव स्थित बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में गुरुवार की रात चोरों ने खिड़की की सरिया काटकर स्ट्रांग रूम का ताला तोड़कर नगदी चोरी करने की कोशिश की गई। दरवाजा नहीं खुल पाने से चोर नगदी नहीं ले जा सके। चोरों ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे का मॉनीटर पार कर दिया। शुक्रवार की सुबह शाखा प्रबंधक के पहुंचने पर बैंक में चोरों के घुसने की जानकारी हो सकी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम व फोरेंसिक टीम ने जांच की।
भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के नोनापुर गांव स्थित बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा में चोर गुरुवार बीती रात भवन के पीछे खिड़की की सरिया काटकर घुस गए। चोरों ने पहले स्ट्रांग रूम के दरवाजे पर लगा ताला तोड़कर खोलने की कोशिश की। लेकिन दरवाजे का एक अन्य लॉक नहीं खोल सके। चोर नगदी नहीं ले जा सके। चोर बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे का मानीटर उठा ले गए।
शुक्रवार सुबह शाखा प्रबंधक ने आकर बैंक खोली तो खिड़की की कटी सरिया, स्ट्रांग रूम का ताला टूटा और सीसीटीवी का मानीटर नदारद देखकर दंग रह गए। आनन फानन में शाखा प्रबंधक ने सूचना नबीपुर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय को दी। इसके बाद यूपी 100 व स्थानीय पुलिस को मामले से अवगत कराया। सीओ महेंद्र पाल सिंह और कोतवाल शिवकुमार सिंह राठौर पहुंचे और जांच पड़ताल की। अधिकारियों के निर्देश पर फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
शाखा प्रबंधक अंजनी कुमार ने बताया कि बैंक में बिजली कनेक्शन नहीं है। जनरेटर के सहारे बैंक का कामकाज किया जाता है। जनरेटर दिन में 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलता है। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे भी जनरेटर बंद होने के बाद काम करना बंद कर देते हैं। बताया कि बैंक में लगा इन्वर्टर कई महीनों से खराब पड़ा है। कोतवाल शिवकुमार सिंह राठौर ने बताया कि शाखा प्रबंधक की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ रात के समय खिड़की का सरिया काटकर चोरी करने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बता दें कि बैंक में तीन कर्मचारियों का स्टाफ है। शाखा प्रबंधक के अलावा कैशियर विमल साहनी के अलावा एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संविदा पर तैनात है। गुरुवार को शाखा प्रबंधक बैठक में गए थे। शाम 5 बजे कैशियर व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बैंक में ताला बंदकर घर चले गए थे।