क्षेत्र के बसंठी गांव में सोमवार को प्रेमी-प्रेमिका ने जान दे दी। प्रेमी ने जहर खा लिया तो प्रेमिका ने खुद को आग लगा ली। दोनों ने हैलट में आखिरी सांस ली। चौबेपुर के एक गांव की रहने वाली 23 वर्षीय युवती बंसठी में अपने मामा के साथ रहती थी।
वहीं दूसरी ओर जलियापुर झींझक जिला कानपुर देहात निवासी शालू दुबे (25) भी तीन वर्षों से बसंठी गांव में बहनोई मनोज पांडे के घर रहकर फैक्ट्री में काम करता था। युवती और शालू प्रेम करते थे। ग्रामीणों के मुताबिक उक्त बात की जानकारी पर मनोज ने अपने साले शालू को जमकर फटकार लगाई।
बहन नीतू ने बताया कि सोमवार सुबह शालू फैक्ट्री के लिए निकला था। दोपहर को उसके मोबाइल से फोन आया कि शालू ने जहरीला पदार्थ खा लिया है और बाइक सहित क्षेत्र के चिंतापुरवा गांव के समीप सड़क के किनारे पड़ा है। परिजन उसे हैलट ले गए जहां शाम को उसने दम तोड़ दिया।
इधर शालू की मौत की सूचना मिलते ही युवती ने घर में खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। परिजन उसे लेकर हैलट भागे जहां देर रात उसने भी दम तोड़ दिया। एसओ राकेश यादव ने बताया कि युवक और युवती ने आत्महत्या की है। ग्रामीणों से की गई पूछताछ में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आ रहा है। मामले में किसी भी तरह की तहरीर अभी नहीं मिली है।