कसबे के रामस्वरूप ग्रामोद्योग इंटरकालेज मैदान पर मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने खाट सभा के दौरान किसानों से सीधा संवाद किया। किसानों के सवालों के जवाब देने के दौरान उन्होंने भाजपा, बसपा व सपा पर करारे प्रहार किए। कहा माया मुलायम दोनों भ्रष्ट है। वहीं सरकार बनने पर करोड़ों किसानों का कर्ज माफ करने का वादा भी दोहराया।
राहुल गांधी शाम 4 बजकर 40 मिनट पर पुखरायां पहुंचे। मंच पर पहुंचते ही हाथ जोड़कर व हाथ हिलाकर अभिवादन करने के बाद किसानों से संवाद शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि आरएसएस और भाजपा धर्म के दलाल हैं। माया और मुलायम दोनों भ्रष्ट हैं। इन्होंने 10 साल में जो भ्रष्टाचार किया है, उसके पीछे सीबीआई पड़ी है। इसका रिमोट मोदी के पास है, जिस कारण ये बीजेपी से नहीं लड़ सकते।
उन्होंने कहा कि हमारे ऊपर कोई दाग नहीं है। यूपी को बदलने के लिए कांग्रेस की सरकार बनानी होगी क्योंकि बसपा सरकार बनी तो हाथी व एक व्यक्ति एनआरएचम, सड़क, बिजली समेत अन्य विकास योजनाओं का सारा पैसा खा गया। वहीं साइकिल पर बैठे अखिलेश यादव को सत्ता सौंपी तो सड़क, बिजली, पानी का पैसा एक परिवार, ठेकेदारों के पास पहुंचता है।
बीजेपी सरकार बनाती है तो यूपी को जला देती है। कांग्रेस सत्ता में आई तो सबको पकड़कर टाइट कर देंगे। महाराष्ट्र में जाकर उन्होंने उद्यमियों से पूछा तो उन्होंने बताया था कि जब तक यूपी में गुंडाराज रहेगा तब तक यहां उद्योग नहीं लगेंगे।
कांग्रेस ने तीन सालों में मनरेगा में जितना बजट देकर करोड़ों लोगों का हित किया उतना बजट मोदी ने 12 उद्यमियों का 1 लाख 10 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ कर गिफ्ट के रूप में दिया है। मायावती की तरह भाजपा किसानों की जमीन छीनकर उन्हें मजदूर बनाना चाहती है।
किसानों का हित चाहते हैं तो स्वामीनरायण रिपोर्ट लागू करें। वह किसानों से भराए जा रहे फार्म लेकर मोदी के पास जाएंगे और कर्ज माफ करने के लिए कहेंगे। यदि उन्होंने कर्ज माफ न किया तो कांग्रेस के सत्ता में आने पर वह कर्ज माफ करेंगे। उन्होंने कहा कि मुलायम बताएं कि तीनों मंत्री भ्रष्ट हैं या नहीं यदि भ्रष्ट हैं तो उन्हें पुन: मंत्री क्यों बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मोदी गाय व धर्म की बात करते हैं पर शायद मोदी ने धर्म के बारे में नहीं पढ़ा है। वे केवल सत्ता में आने के लिए गाय व धर्म का प्रयोग करते हैं। हाइवे पर अन्ना घूमने वाली हजारों गायें जब ट्रकों के नीचे आकर मरती हैं तब ये नजर नहीं आते।