घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के रहमपुर गांव के पास चालक को पीटकर लूटी गई बोलेरो कार की लोकेशन हरियाणा में मिली है। पुलिस ने गाड़ी की बुकिंग कराने में शामिल रहे दो युवकों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ के बाद बोलेरो कार की बरामदगी के प्रयास शुरू किए गए हैं।
थाना व कस्बा सहजनवां (गोरखपुर) के बोक्टा गांव निवासी बलवंत कुमार यादव ने बताया कि मंगलवार को उसकी बोलेरो कार को कस्बे के आर्केस्टा कंपनी संचालक नीरज पुत्र जदुराई यादव ने औरैया जाने के लिए आठ हजार रुपये में राहुल नामक युवक को किराये पर बुक करवाई थी। शाम 6.30 बजे राहुल उसकी पत्नी रजनी और दो अन्य युवक बोलेरो पर सवार होकर चल दिए। गाड़ी बलवंत कुमार यादव चलाए था। देर रात वह कानपुर पहुंचे और वहां एक ढाबे पर खाना खाने के बाद फिर आगे के लिए चल दिए। बोलेरो कार पर सवार लोग गाड़ी को औरैया की ओर ले जाने की जगह कानपुर-सागर मार्ग पर ले गए। पतारा पुलिस चौकी क्षेत्र रहमपुर गांव के पास चालक को पीटने के बाद बोलेरो, मोबाइल फोन, आठ हजार रुपये नगद के साथ ही चालक का ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड लूटने के बाद फरार हो गए।
इधर, पुलिस ने बोलेरो कार की तलाश शुरू कराई। बारा जोड़ टोल प्लाजा से निकलवाए गए रिकार्ड से पता चला की गाड़ी को वहां से ले जाया गया है।
पुलिस ने सहजनवां (गोरखपुर) से बोलेरो की बुकिंग करवाने वाले युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। जबकि, लूटी गई बोलेरो का सुराग भी तलाश रही है। गुरुवार को बोलेरो का लोकेशन बल्लभगढ़ (हरियाणा) में मिलने की जानकारी हुई। एक पुलिस दल वहां के लिए रवाना किया गया है। कोतवाल देवेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि शीघ्र ही बोलेरो को बरामद करने के प्रयास जारी हैं।