गजनेर थाना क्षेत्र के सरवन खेड़ा में शुक्रवार की रात बदमाशों ने भाजपा नेता के घर धावा बोलकर गृह स्वामी को कट्टे की बट से घायल कर नगदी-जेवर सहित हजारों का माल लूट दिया। भागते वक्त पीछा करने के आशंका पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग भी की। वहीं पूरे मामले को पुलिस ने चोरी में दर्ज किया।
भाजपा प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के जिला संयोजक व श्यामाप्रसाद मुखर्जी इंटर कालेज के प्रबंधक नरेश पांडेय घर की गैलरी में और उनकी पत्नी स्नेहलता, छोटे बेटे शिवम संग एक कमरे सो रहे थे। जबकि, बहू सक्षम, बेटी स्वाती पांडेय संग दूसरे कमरे में सोई हुई थी। बड़ा बेटा ज्ञानु छत पर लेटा था। रात डेढ़ बजे के करीब घर में खटपट की आवाज होने पर नरेश की बेटी स्वाती की नीद खुली तो एक बदमाश स्टोर रूम से अटैची लेकर भागता दिखा। उसने शोर मचाया तो गैलरी में लेटे नरेश जाग गए।
इसी बीच पीछे खड़े दूसरे बदमाश ने कट्टे की बट से उन पर हमला बोल दिया। इससे वह घायल हो गए। घर में शोरशराबा सुनकर छत पर लेटा ज्ञानू भी जाग गया। इस बदमाश एक बैग जिसमें 25,000 रुपए नगद, दो अंगूठी, एक सोने की जंजीर लेकर भाग निकले। उसके साथ तीन बदमाश और थे, जो बाहर खड़े थे। इसी बीच ज्ञानू छत से कूदकर बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया तो तभी बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और विराहीनपुर गांव की ओर भाग गए। पीड़ितों ने 100 नंबर पर सूचना दी। थानाध्यक्ष नागेंद्र पाठक ने बताया की चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।