एसडीएम को ज्ञापन देते भाजपा पदाधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
बिल्हौर। तहसील क्षेत्र को कन्नौज जिले में जोड़े जाने के विरोध में बिल्हौर बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं सहित भाजपा और शिवसेना ने शुक्रवार को विरोध-प्रदर्शन किया। भाजपा ने कसबे में विरोध जुलूस निकालक र प्रदेश सरकार पर क्षेत्रीय जनता के साथ छल करने का आरोप लगाते हुए राज्यपाल और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को दिया। हस्ताक्षर अभियान के तहत विरोध प्रदर्शन के छठे रोज में लोगों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया।
बिल्हौर बार एसोसिएशन के बैनर तले अध्यक्ष अजीत सिंह की अगुआई में दर्जनों अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में घूम-घूमकर ‘बिल्हौर तहसील बचाना है सबको साथ में आना है’ की नारेबाजी कर जन समर्थन जुटाया। इसके साथ ही बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने प्रदेश सरकार के राजस्व मंत्री और मुख्य सचिव से पूरे मामले में स्थित स्पष्ट करने की गुहार भी लगाई। वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने बताया कि उप्र बार काउंसिल के पदाधिकारियों से संपर्क कर पूरे मामले को अवगत करा दिया गया है।
वरिष्ठ अधिवक्ता मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिलकर पूरे मामले पर बात करेंगे। उधर, कानपुर ग्रामीण के भाजपा जिलाध्यक्ष रामकृष्ण कटियार की अगुआई में भाजपा के सैकड़ों पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने कसबे में जुलूस निकाल कर प्रदेश सरकार के इस कुचक्र को इटावा का रुतबा बढ़ाने का षडयंत्र बताया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि बिल्हौर के अस्तिव पर कोई खतरा नहीं आने दिया जाएगा।
सपा का कार्यकाल अब खत्म होने को है। इसलिए वह मनमानी पर उतर आई है। प्रदेश के कई पार्टी पदाधिकारी पहले ही इसका विरोध कर चुके हैं इसलिए बीजेपी पूरे दलबल के साथ बिल्हौर तहसील को बचाने के लिए अधिवक्ताओं के साथ है। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में तहसील परिसर में जुटे भाजपाइयों ने घंटों नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन के बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को दिया।
प्रदर्शन में कौशल अवस्थी, अवधेश कोरी, जेपी कटियार, अमित मिश्रा, सिपाही लाल, नितिन कटियार, प्रभाकर अवस्थी आदि मौजूद रहे। उधर, शिवसेना के जिला प्रमुख सर्वेश कुमार शर्मा ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को देकर बिल्हौर तहसील को कन्नौज जैसे छोटे जिले में न जोड़कर इसमें रसूलाबाद और बांगरमऊ तहसील का विलय कर बिल्हौर जिला बनाने को कहा। कहा कि जब बिल्हौर तहसील मुख्यालय बनेगा तभी तीनों तहसीलों का पिछड़ापन दूर होगा।