कांधी क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप में शुक्रवार देरशाम तीन बाइक सवारों ने एक पेट्रोल पंप पर कर्मियों को मारपीटकर कैश काउंटर से ढाई लाख रुपये लूट ले गए। पेट्रोलपंप मालिक ने तीनों युवकों को नामजद कर डेरापुर थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने लूट के बाबत पेट्रोल पंप कर्मियों से जानकारी ली है।
डेरापुर थाना क्षेत्र की कांधी चौकी के अंतर्गत देव फिलिंग स्टेशन के नाम से पेट्रोल पंप है। शुक्रवार की देर शाम 7:30 बजे पेट्रोल पंप का पूर्व गार्ड चंदू अपने दो साथियों चंद्रप्रकाश और अंबरीष के साथ बाइक से आया। बाइक में 150 रुपये का पेट्रोल भरवाया। पंप कर्मी ने रुपये मांगे।
उक्त लोगों ने कैश काउंटर पर रुपये देने की बात कही। पंप कर्मी ने कहा कि काउंटर पर कैश गिनने का कार्य हो रहा है, यहीं पर रुपये दे दो। इसी बात तीनों बाइक सवार पंप कर्मी को जमकर पीटने लगे। मारपीट होते अन्य पंप कर्मी मौके पर दौड़ पड़े। मौके का फायदा उठाते हुए चंदू सीधे कैश काउंटर पर गया और वहां से ढाई लाख रुपये उठा लाया। तीनों मारपीट करते चंपत हो गए।
कर्मियों ने सूचना पंप मालिक मालिक महेंद्र कटियार और मनीष कटियार को दी। पंप मालिकों ने उक्त तीनों युवकों पर 2.50 लाख रुपये लूटने का आरोप लगा थाने में तहरीर दी। डेरापुर थानाध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। मारपीट तो हुई है लूट की बात संदिग्ध है।