पुलिस चौकी साढ़ के बरईगढ़ नहर पुल के पास तेज रफ्तार वाहन के टक्कर मारने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि, उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
थाना बिधनू के गांव पतौरी (कैंधा) निवासी विकास (25) पुत्र रामबाबू गांव के कामता सिंह (28) पुत्र ननकू सिंह के साथ बाइक से कुड़नी कसबा जा रहा था। साढ़-कुड़नी मार्ग स्थित बरईगढ़ नहर पुल के पास जैसे वह पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार में किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक अनियंत्रित होकर रोड के किनारे गड़े पत्थर से जा टकराई।
हेलमेट न लगाए होने से विकास के सिर पर गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर मौत हो गई। उसके साथी कामता सिंह को सीएचसी लाया गया जहां से डाक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया। वहीं पसेमा-परास मार्ग पर स्थित लाखनखेड़ा गांव चौराहा के पास बाइक सवार के फिसलकर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी ले जाया गया जहां से कानपुर रेफर किया गया है।
बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। वहीं एक अन्य घटना में दौलतपुर गांव के पास एक बाइक सवार खड्ड में जा गिरा। उसे भी बेहोशी की हालत में सीएचसी लाया गया जहां से डाक्टरों ने कानपुर रेफर किया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।