रोते-बिलखते परिजन, गमगीन पड़ोसी
- फोटो : अमर उजाला
मंगलपुर थाना क्षेत्र में सिकंदरा-झींझक रोड पर वहबलपुर और जैतापुर गांव के बीच वनरोज से बचने के फेर में एक बाइक बेकाबू होकर गिर गई। हादसे में बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उनमें एक युवक की मौत हो गई। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाये थे।
मंगलपुर कसबे के वहबलपुर गांव निवासी प्रहलाद सिंह ने बताया कि उनका छोटा भाई लाला (22) अपनी बाइक से गांव के विष्णु (17) और अमित (24) के साथ मंगलपुर गया था। वहां से वापस आते समय हादसा हो गया।
राहगीरों ने तीनों युवकों को हवासपुर सीएचसी पहुंचाया। जहां से विष्णु और लाला को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। रास्ते में विष्णु की मौत हो गई। जानकारी मिलने पर परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए। थाना इंचार्ज मणिकचंद्र पटेल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।