एसबीआई एटीएम अकबरपुर में रुपये निकालने के लिए लगी लंबी कतार।
नोटबंदी के बाद बैंकबंदी ने लोगों के लिए और अधिक समस्या बढ़ दी। बैंकों में तीन दिन का अवकाश होने से सभी एटीएम ठप रहे। एसबीआई के एक मात्र एटीएम में कैश था तो लाइन इतनी लंबी थी कि लोगों को रकम निकालने में पसीने छूट गए।
वहीं कस्बा के आईसीआईसीआई, यूनियन बैंक, बैक आफ बड़ौदा के एटीएम बंद होने से लोगों को रुपये निकालने के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिले के रूरा, शिवली, डेरापुर, झींझक, रसूलाबाद, मुंगीसापुर, सरवनखेड़ा, पुखरायां आदि कस्बों में भी एटीएम बंद रहे। वहीं, बैंकों में शनिवार, रविवार व सोमवार (बारावफात) की लगातार छुट्टी ने लोगों को और परेशानी में डाल दिया। रविवार को एसबीआई एटीएम में सर्वर न आने पर दिक्कत आई। सोमवार को सुबह से ही रुपये निकालने के लिए लोग एटीएम के बाहर जमा हो गए।
लोगों की कतारें सड़क तक पहुंच गई। रुपये निकालने के लिए महिलाओं की भी लंबी लाइन लगी रही। एटीएम के अंदर जल्दी जाने की आपाधापी में कई बार लोगों की आपस में बहस हुई। देर रात तक लोग रुपये निकालने के लिए लाइन में खड़े रहे। कस्बा अकबरपुर निवासी प्रतिमा त्रिपाठी ने कहा कि एटीएम से रुपये निकालने के लिए सब काम छोड़कर लाइन में लगी थी। पांच घंटे बाद दो हजार रुपये मिले।