एसडीएम को समस्याओं का ज्ञापन सौंपते किसान।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
शनिवार को भाकियू (भानू गुट) के बैनर तले किसानों ने तहसील परिसर में पंचायत की। दोपहर बाद समस्याओं से संबंधित सात सूत्री ज्ञापन एसडीएम मीनू राणा को दिया। जिसमें अन्ना मवेशियों की समस्या उठाई। किसानों ने मांग किया कि सरकार की मंशा के अनुरूप न्याय पंचायत स्तर पर पशु चरागाह बनवाए जाएं। जबकि, प्रत्येक गांव पंचायत में पशु चरागाह के नाम पर राजस्व नक्शों में दर्ज जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।
इसके अलावा प्रधानमंत्री की ग्रामीण शौचालय योजना में लाभार्थियों को मिलने वाले 12 हजार रुपये में ग्राम प्रधानों और पंचायत सचिवों द्वारा दो-दो हजार की वसूली किए जाने का आरोप लगाते हुए इसकी जांच और कार्रवाई किए जाने की भी मांग उठाई।
वहीं, तहसील क्षेत्र में बारिश से क्षतिग्रस्त हुए मकानों और फसल का मुआवजा दिलाने, पात्र गरीबों को आवास दिलाने, राशन कोटेदारों की मनमानी रोकने और बारिश के बाद आदमियों और मवेशियों में फैल रहे संक्रामक रोगों की रोकथाम के उपाय कराने की मांग शामिल रही।
किसान पंचायत में प्रमुख रूप से तहसील अध्यक्ष महेशचंद्र कुशवाहा, बाबा वासुदेव, राम प्रकाश साहू, जय किशन, शमशुद्दीन, रामचंद्र, विश्वनाथ और महाबीर सचान सहित अन्य लोगों ने किसानों की समस्याओं पर चर्चा की।