घाटमपुर कोतवाली पुलिस ने कसबे के जहानाबाद रोड रेलवे क्रासिंग के पास गायों और बछड़ों से लदा एक पिकप पकड़ा। पिकप चालक व एक अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि, दो लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
आरोपियों में नगर पालिका परिषद का एक मनोनीत सभासद भी है। पड़ोसी जहानाबाद (फतेहपुर) की ओर से एक पिकप को पुलिस ने जहानाबाद रोड रेलवे क्रासिंग फाटक के पास पकड़ा।
पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। पुलिस दल देख उसमें बैठे लोग इधर-उधर भागने लगे। इस पर चालक और एक अन्य को दौड़ाकर पकड़ लिया गया। पुलिस ने पिकप वाहन में पड़ा तिरपाल हटाकर देखा तो उसके भीतर आठ गोवंश बेदर्दी के साथ ठूंसकर लदे थे।
कसबा पुलिस चौकी लाने के बाद उनको नीचे उतरवाया गया लेकिन, तब तक एक मवेशी की मौत हो चुकी थी।
प्रभारी थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में पिकप चालक रामजी पुत्र श्रीराम निवासी ग्राम पोजेपुर, थाना जहानाबाद (फतेहपुर) और अरमान पुत्र इदरीश निवासी मोहल्ला कटरा (घाटमपुर) हैं।
जबकि, पुलिस को चकमा देकर भागने वालों में नगर पालिका परिषद घाटमपुर के मनोनीत सदस्य इस्लाम कुरैशी पुत्र बिजली कुरैशी निवासी नौबस्ता पूर्वी (घाटमपुर) और पप्पू पुत्र शमी निवासी काजी टोला, जहानाबाद (फतेहपुर) हैं। गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि बरामद मवेशी काटने के लिए लाए गए थे।