घाटमपुर में बीयर की दुकान पर जांच करते एसडीएम।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
नए वर्ष में उपजिलाधिकारी संजय कुमार ने शराब की दुकानों की जांच शुरू की है। बुधवार की शाम उन्होंने कस्बा स्थित देशी और अंग्रेजी शराब के साथ बीयर की दुकानों पर छापा मारा। जांच में अनियमितताएं मिलने पर संबंधित दुकानों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।
उपजिलाधिकारी ने बताया कि तहसील क्षेत्र की कुल 41 शराब की दुकानों की जांच करके डीएम को रिपोर्ट देनी है। बताया कि इसकी शुरुआत उन्होंने कस्बे की दुकानों से की। कानपुर रोड और फिर हमीरपुर रोड पर स्थित दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान कोतवाल देवेंद्र कुमार दुबे और लेखपाल आरके दुबे भी थे। एसडीएम ने बताया कि कई दुकानों के बाहर शराब के दामों की रेट लिस्ट लगी नहीं मिली। जबकि, शराब और बीयर की बिक्री के रजिस्टर भी दुरुस्त नहीं पाए गए। वहीं, नियम के विपरीत लगभग हर दुकान के बाहर नमकीन, पान-मसाला, गुटखा, सिगरेट और प्लास्टिक के गिलास बेंचने की दुकानें भी सजी पाई गईं। बताया कि अनियमितता मिलने वाली दुकानों के अनुज्ञापियों को नोटिस जारी करने के साथ उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए अधिकारियों के पास रिपोर्ट भेजेंगे।