कोहरे में लाइट जलाकर गुजरते वाहन।
बारिश के बाद इलाके में दो दिन से कोहरे और शीतलहर का प्रकोप है। सोमवार को सुबह के वक्त ठंडी हवा चलने से ठिठुरन बढ़ गई। ठंड से बचने के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया। वहीं हाईवे पर दिन में हैड लाइट जलाकर वाहन गुजरे।
झांसी-कानपुर हाईवे पर सोमवार सुबह 10 बजे तक कोहरा छाया रहा, जिससे वाहनों को हैड लाइट जलाकर चलाना पड़ा। यमुना तलहटी के जलपुरा, पुरैनी, गिरधरपुर, करियापुर, अमरौधा, पिपरी, भोगनीपुर, गौरीरज्जन, रैगवां समेत अधिकतर गांवों में कोहरे की चादर छाई रही।
सुबह के वक्त मंद-मंद हवा चलने से ठिठुरन बढ़ गई थी। फलस्वरूप मार्निंग वाक के लिए सही वक्त पर निकलने वाले लोगों को देर हो गई। गांवों में ठिठुरन से बचने के लिए लोगों ने अलाव जलाए। परेहरापुर के सुशील कुमार, पुखरायां देहात के विकास द्विवेदी, चकचालपुर के राजकुमार ने बताया कि कोहरा पड़ने से रोजमर्रा के कार्य करने में देरी होती है। वहीं गलन ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खासकर विद्यार्थियों को स्कूल जाने में परेशानी होती है।