सिलेंडर से लगी आग में जला मकान और सिलेंडर जिससे आग लगी।
- फोटो : अमर उजाला
भीतरगांव पुलिस चौकी साढ़ के गांव चंदापुर में सोमवार की शाम रसोई गैस सिलेंडर लीकेज कर जाने से एक घर में आग लग गई। जिसकी चपेट में आकर चार लोग झुलस गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है हैलट अस्पताल (कानपुर) में उनका इलाज चल रहा है।
सोमवार को गांव निवासी राजकुमार प्रजापति के घर बेटी होने पर छठी उत्सव मनाया जा रहा था। मिठाई और अन्य पकवान बनाए जा रहे थे। देर शाम अचानक रसोई गैस का सिलेंडर लीकेज हो जाने से उसमें आग लग गई। यह देख घर के लोग बाहर की ओर भागने की जगह अंदर घुस गए।
इधर, आग ने मकान को चपेट में ले लिया। पुलिस और दमकल को सूचना दी गई लेकिन, वह मौके पर नहीं पहुंचे। गांव के लोग इकट्ठे होकर आग बुझाने और घर में फंसे परिवार के सदस्यों को बाहर निकालने की कवायद में जुट गए। गांव के ही एक युवक नीरज यादव ने दिलेरी दिखाते हुए जलते सिलेंडर की परवाह किए बिना मकान के भीतर घुसकर वहां फंसे लोगों को बाहर निकाला।
इस दौरान राजकुमार प्रजापति (23) उसकी पत्नी रूबी (21), मां श्यामकली (45) और बहन गुड़िया (21) झुलस गए। काफी देर बाद साढ़ चौकी पुलिस पहुंची। घायलों को सीएचसी में भर्ती करवाया गया। जहां से गंभीर रूप से झुलसे राजकुमार और उसकी बहन गुड़िया को हैलट अस्पताल (कानपुर) रेफर किया गया। गांववालों ने बताया कि गुड़िया अपनी भाभी और नवजात कन्या को बचाने के चक्कर में गंभीर रूप से झुलस गई।