तहसील के चौबेपुर ब्लाक की सहज्जोरा ग्राम सभा और बिल्हौर ब्लाक की इलियासपुर ग्राम सभा के प्रधान पद के उपचुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुए। चुनाव अधिकारियों के मुताबिक सहज्जोरा में 84 और इलियासपुर में 92 फीसदी मतदान हुआ।
दोनों ग्राम सभाओं के पांच बूथों पर पोलिंग एजेंटों में तीखी बहस भी हुई, लेकिन सुरक्षा बलों की सख्ती से मामला शांत हो गया। उपचुनाव के परिणाम चार अक्टूबर को आएंगे।
इलियासपुर ग्रामसभा की निर्वाचित ग्राम प्रधान गुड़िया तिवारी की बीमारी के चलते हुई मौत के बाद यह सीट रिक्त हो गई थी। ग्राम सभा के सौरभ तिवारी, विपिन और अयाज तीनों युवा प्रत्याशी होने से गांव के युवाओं ने शुक्रवार को जमकर मतदान किया।
पोलिंग बूथ मजिस्ट्रेट और बिल्हौर तहसीलदार ब्यास नारायण उमराव ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण रहा। एक नाबालिग और एक बुरकानशी युवती को दूसरे का वोट डालने के प्रयास में पकड़ा गया था, लेकिन दोनों को हिदायत देकर छोड़ दिया गया। शाम पांच बजे मतपेटियों कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम भेजा गया।
इसी तरह सहज्जोरा ग्राम सभा के प्रधान पद के उपचुनाव में 83 फीसदी ग्रामीणों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं, जिला प्रशासन की ओर बड़ी संख्या में आसपास पुलिस और पीएसी बल भी गांव में तैनात किया गया।
प्रत्याशी समर्थकों को सुरक्षा बलों ने खदेड़ा- बिल्हौर। इलियासपुर प्राथमिक स्कूल में बने पोलिंग बूथ के आसपास शुक्रवार सुबह सैकड़ों की संख्या में तीनों प्रधान पद के प्रत्याशियों के समर्थक अपने-अपने गुटों में मौजूद रहे। एक-एक वोट पर कांटे की टक्कर होने के कारण पोलिंग एजेंटों ने किसी भी पक्ष का फर्जी वोट नहीं पड़ने दिया।
वोटर लिस्ट में नाम और पुख्ता पहचान पत्र होने पर ही कई ग्रामीणों को वोट डालने दिया गया। पोलिंग के दौरान बूथ में कई समर्थकों के आने-जाने पर हो-हल्ला कर रहे ग्रामीणों को पुलिस और पीएसी बल ने खदेड़ा।