जिला अस्पताल में घायल पुलिस कर्मियों का हाल चाल लेते एसपी।
हाईवे पर कांधी गांव के पास मंगलपुर थाने की पुलिस की सूमो पलटने से इंचार्ज थाना प्रभारी सहित 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची कांधी चौकी व पुलिस हेल्पलाइन के कर्मियों ने उन्हें घायल अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी भी जिला अस्पताल पहुंच गए।
थाना मंगलपुर के थाना प्रभारी एसपी सिंह, सिपाही शत्रुघ्न सिंह, एचसीपी विजय बहादुर, पैरोकार हरीशंकर, राजेश और चालक गौरव सहित डीआईजी की बैठक में शामिल होने के लिए थाने की सूमो से माती मुख्यालय जा रहे थे। जब वाहन कांधी गांव के पास पेट्रोल पंप के सामने पहुंची। उसी समय कार का दाहिनी ओर के पिछला पहिये का टायर फट गया। इससे कार अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरी। सभी पुलिसकर्मी वाहन के नीचे दब गए।
उसी दौरान पुलिस हेल्पलाइन100 नंबर की टीम सहित राजीव कुमार और कांधी चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह यादव पुलिस टीम के साथ पहुंचे। सभी को घायलावस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शत्रुघ्न सिंह व एचसीपी की चोट गंभीर होने के चलते हैलट अस्पताल कानपुर रेफर कर दिया। जबकि, बाकी अन्य घायलों को जिला अस्पताल में इलाज हो रहा है।