भरतपुर पियासी गांव में 55 बीघे गेहूं की फसल जली क्रासर 50 किसानों की फसल राख, फसलें जलने का मातम आग बुझने तक तीन गांवों के लोगों की सांसे अटकी रहीं सरवनखेड़ा। गजनेर थाना क्षेत्र के भरतपुर पियासी गांव में खेतों में तैयार खड़ी गेहूं की फसल को आग ने भस्मासुर का रूप धारण कर जलाकर राख कर दिया। सुबह साढ़े दस बजे लोग जब अपने घरों, खेतों व खलिहानों पर फसल कटाई मड़ाई करने में जुटे थे। उसी समय खेतों पर पकी खड़ी गेहूं की फसल अचानक आग लग गई।
आग की लपटें देख वहां मौजूद किसानों ने शोर मचाते हुए बुझाने का प्रयास किया। लेकिन, कुछ दी देर में आग ने रौद्र रूप धारण कर लिया और 55 बीघे की फसल को राख कर दिया। मौके पर पहुंची चार दमकल गाड़ियों ने चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निकांड की सूचना पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वहीं खेतों में आग देख हर कोई बाल्टी लेकर खेतों की ओर दौड़ पड़ा।
गांववालों का अंदेशा है कि कूड़े में लगी आग की चिंगारी से यह घटना घटी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। गजनेर थाना क्षेत्र के भरतपुर पियासी गांव में सुबह साढ़े दस बजे लोगों ने नोन नदी किनारे धुआं उठते देखा। जब तक लोग उसे देखने के लिए देखने दौड़े तब तक तेज हवा के चलते आग ने रौद्र रूप धारण कर लिया और खेतों में तैयार खड़ी फसल को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने एक खेत से दूसरे खेत की फसल को चपेट में ले लिया।
आग को देख लोगों ने उस पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन, आग तेज हवाओं के चलते बढ़ती ही जा रही थी। सूचना पाकर गजनेर थानाध्यक्ष भीमसेन पौनिया फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इसके अलावा अग्निकांड की सूचना पर दोपहर एक बजे फायर ब्रिगेड की एक छोटी गाड़ी मौके पर पहुंची। जिसे देख कर लोग आक्रोशित हो गए। ज्यादा गाड़ियों को बुलाने के लिए कहने लगे। लेकिन, मौके पर मौजूद लोगों ने बीचबचाव कर लोगों को शांत किया।
इसके बाद दमकल गाड़ी ने आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। छोटी गाड़ी थोड़ी ही देर में विकराल आग के सामने हांफ गई। लेकिन, तब तक घाटमपुर और माती फायर स्टेशन से दमकल की चार अन्य गाड़ियां पहुंच गई। मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड अधिकारी शिवदरस प्रसाद ने बताया कि काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है। अग्निकांड की सूचना पर अकबरपुर तहसील से उपजिलाधिकारी अपूर्वा दुबे, नायब तहसीलदार अर्चना पांडेय, तहसीलदार अकबरपुर राकेश कुमार, क्षेत्रीय लेखपाल समेत मौके पर पहुंचे और किसानों के क्षति आकलन की रिपोर्ट बनाई। वहीं मौके का दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिवंशकर गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर किसानों को जल्द मदद का भरोसा दिया।