विकासखंड क्षेत्र में लगे 38 सरकारी नलकूपों में आठ नलकूप बंद हैं। वहीं ऑपरेटरों की कमी के चलते बाकी नलकूप भी नियमित रूप से नहीं चल पा रहे हैं। जिससे जायद की फसलें चौपट हो रही हैं।
नलकूप विभाग के सींच पर्यवेक्षक अख्तर हुसैन ने बताया कि उनके चार्ज में 17 नलकूप हैं। उनमें लौवा, बद्दापुर्वा, कठरा व हवासपुर के नलकूप बंद हैं। दूसरे सींच पर्यवेक्षक प्रदीप कुमार मिश्र ने बताया कि 21 नलकूप उनके चार्ज में हैं। जिनमें उरसान, कौरू, मनकापुर के नलकूप तकनीकी खराबी के चलते बंद हैं।
वहीं हवासपुर के किसान राधेश्याम निषाद, प्रवीण सिंह, बजरंग बहादुर सिंह, शिवदत्त बाथम ने बताया कि उनके गांव का दूसरा नलकूप भी करीब तीन महीने से पानी नहीं दे रहा है। क्षेत्र के किसान धनीराम व रामपाल का कहना है कि मोटर की खराबी और ट्रांसफार्मर फुंकने से आठ नलकूप नहीं चल पा रहे हैं।
वहीं तीन-तीन नलकूपों के चलाने का जिम्मा एक-एक ऑपरेटर पर है, जिससे ठीक नलकूप भी नियमित रूप से नहीं चल रहे हैं। इस बाबत नलकूप विभाग के अवर अभियंता राकेश चौरसिया ने बताया कि खराब मोटरों को मरम्मत के लिए स्टोर भेजा गया है। उनके स्टोर से वापस आते ही समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।