झींझक। दिल्ली हावड़ा रेल लाइन के अंबियापुर रेलवे स्टेशन के पास डाउन की पटरी चटकने से आधा घंटे तक डाउन लाइन का यातायात बाधित रहा। सूचना पर पहुंचे पीडब्ल्यूआई स्टाफ ने पटरी की मरम्मत कर धीमी गति से ट्रेनों का संचालन शुरू किया।
शनिवार सुबह दिल्ली से कानपुर की तरफ जा रही मालगाड़ी अंबियापुर रेलवे स्टेशन क्रास कर रही थी। सुबह 7 बजे खंभा नंबर 1070, 26 व 28 के बीच पटरी चटक गई और ट्रेन की कई बोगियां चटकी पटरी से गुजर निकल गईं। वहां मौजूद कीमैन सर्वेश की नजर चटकी पटरी पर पड़ी।
सूचना स्टेशन मास्टर अंबियापुर कृष्ण कुमार को सूचना दी। स्टेशन मास्टर की सूचना पर पहुंचे पीडब्ल्यू स्टाफ ने फिसप्लेट कसकर पटरी को ठीक किया।
इसके बाद 7:30 बजे डाउन की जीएन 154 मालगाड़ी डीएन 150 मालगाड़ी, डीएन 52 मालगाड़ी, आगरा लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस शिकोहाबाद कानपुर पैसेंजर, मुरी एक्सप्रेस समेत डाउन की कई ट्रेनों को कॉशन लगाकर निकाला गया।
पीडब्ल्यूआई अंबियापुर पंकज राज ने बताया कि पटरी ज्वाइंट से चटक गयी थी। स्टेशन अधीक्षक अंबियापुर महेंद्र बाबू ने बताया डाउन की पटरी चटकने के कारण करीब 30 मिनट डाउन लाइन का यातायात बाधित रहा।