रूरा कस्बे में पकड़ी गई नकली शराब फैक्ट्री मामले में घटना के 20 दिन बाद अचानक सक्रिय हुई पुलिस ने मोबाइल फोन के सीडीआर के आधार पर सपा प्रत्याशी नीरज सिंह के भाई विनय सिंह को नामजद किया है। बता दें कि मामले में पकड़े जा चुके आरोपी केशव सिंह ने सपा प्र्रत्याशी के भाई का नाम उजागर किया था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि नकली शराब को विधानसभा चुनाव में खपाने की तैयारी थी। सवाल उठ रहा है कि आखिर पुलिस ने इतने दिनों बाद यह कार्रवाई क्यों की। जबकि सपा प्रत्याशी के भाई का नाम पहले दिन ही शिकायत में आ गया था।
रूरा थाना क्षेत्र के शिवाजी नगर मोहल्ले में छह फरवरी को एक घर में देर रात छापामार कर 41 पेटी नकली शराब व दो कैन रसायन समेत अन्य केमिकल बरामद किए गए थे। नकली शराब के साथ मौके से पुलिस ने एक आरोपी केशव सिंह को भी पकड़ा था। पूछताछ में उसने अकबरपुर-रनियां सीट से सपा प्रत्याशी नीरज सिंह के भाई विनय का नाम लिया था। बावजूद इसके पुलिस इस घटना की जांच करने में सुस्त रही।
इधर, शनिवार को आरोपी के मोबाइल फोन की सीडीआर रिपोर्ट आने के बाद खुलासा किया गया। इसमें विनय और केशव के बीच कई बार बातचीत होने की बात सामने आई है। रूरा थानाध्यक्ष भीमसेन पोनिया ने बताया कि आरोपी केशव सिंह के फोन की जांच और सीडीआर के लिए लखनऊ भेजा गया था। जांच में मोबाइल पर विनय सिंह और आरोपी से कई बार बात होने की पुष्टि हुई है। जांच में देरी होने से यह कार्रवाई होने में देरी हुई।
नकली शराब मामले में आरोपी केशव सिंह के मोबाइल फोन सीडीआर के आधार पर विनय सिंह को नामजद करते हुए मुल्जिम बना दिया गया है। आगे की कार्रवाई के लिए रूरा पुलिस को निर्देश दिए गए हैं।
- एसपी प्रभाकर चौधरी, कानपुर देहात