घाटमपुर। गुरुवार की दोपहर घाटमपुर और आसपास के इलाके में तापमान उछलकर 46 डिग्री सेल्सियस पहुंचने से जनजीवन बेहाल हो उठा। धूप और लू के थपेड़ों से लोग बिलबिला उठे। दोपहर में मुख्य मार्गों पर सन्नाटा जैसा पसरा दिखाई दिया। दिनभर जाम की स्थिति से जूझने वाले मुख्य चौराहे के आसपास भी सन्नाटा जैसा नजारा दिखाई दिया। वहीं, इक्का-दुक्का लोग दिखाई भी दिए तो धूप से बचने के लिए सिर को ढककर जाते दिखे।
उप संभागीय कृषि प्रसार कार्यालय के प्रभारी आरएन सिंह भदौरिया ने बताया कि गेटवे आफ बुंदेलखंड कही जाने वाली घाटमपुर तहसील के दक्षिणी छोर पर पारा बुंदेलखंड जैसा ही रहता है। बताया कि एक सप्ताह से भीषण गर्मी पड़ रही है। जहां अभी तक पारा 42 से 44 डिग्री के बीच था, वहीं दो दिनों में बढ़कर गुरुवार को 46 डिग्री पहुंच गया। बताया कि पिछले चार दिनों से गर्म हवाएं भी चल रही हैं। कस्बे में दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच सड़कों पर वाहनों की आवाजाही काफी कम रही। भीषण गर्मी लू और धूप से बचाव के लिए लोग मुंह और सिर पर कपड़ा बांधकर निकले।
इधर, सीएचसी के डाक्टर अजीत सचान ने बताया कि गर्मी से अस्पतालों में डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। हीट स्ट्रोक के भी मरीज आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि तापमान अधिक बढ़ने पर नकसीर फूटने की भी शिकायत होती है। इससे बचाव के लिए जहां तक संभव हो सिर और कानों में अंगौछा बांधकर बाहर निकलें। दिन में कईबार पानी पीते रहे हैं। आम का पना, नारियल का पानी, शिकंजी, नींबू पानी, लस्सी और छाछ का सेवन करें।
पारा 46 पहुंचा, लू के थपेड़ों से लोग रहे परेशान
अमर उजाला ब्यूरो