भीतरगांव (घाटमपुर)। कस्बे के गांव बैजूपुर (साढ़) में शुक्रवार की शाम बैल ने अपने बुजुर्ग मालिक को पटककर मार डाला। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। शाम तक बुजुर्ग का शव उसके घर पर ही रखा हुआ था, परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार किया है। उन्होंने बताया कि शनिवार को वह अंतिम संस्कार करेंगे।
बैजूपुर गांव निवासी शिवराज यादव (88) के घर पर बैलों से खेती होती है। शुक्रवार को उनका एक बैल दिनभर धूप में बंधा रहा और किसी ने उसकी ओर ध्यान नहीं दिया। शाम 4 बजे के आसपास शिवराज यादव ने उसे देखा तो खूंटे से खोलकर छाया में बांधने के लिए ले जाने लगे। तभी अचानक बैल ने उनके ऊपर हमला कर दिया और सींगों से उठाकर बुजुर्ग को फेंक दिया।
शिवराज के सिर पर चोट लगने से वह बेहोश हो गए। इधर, कुछ देर बाद घर के सदस्यों को मामले की जानकारी हुई तो बेहोश पड़े बुजुर्ग को लेकर डाक्टर के पास ले गए। जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। शिवराज यादव के छोटे बेटे नरेश यादव ने बताया कि बैल सीधा साधा था, उसने पिता के ऊपर कैसे हमला किया इस बात को लेकर सभी सकते में हैं। पति की मौत होने से शिवराज की पत्नी चंद्रवती का हाल-बेहाल था।
बैल ने बुुजुर्ग का पटककर मार डाला
अमर उजाला ब्यूरो