घाटमपुर में थाना सजेती के एक गांव से बीते 11 अप्रैल को गायब हुई पांच वर्षीय बच्ची का अभीतक कोई सुराग नहीं मिला है। उसकी मां की तहरीर पर थाने में गुमशुदगी दर्ज करने के बाद पुलिस तलाश में जुटी है।
गांव निवासी बच्ची बीते 11 अप्रैल की शाम करीब 5 बजे अपने दरवाजे के बाहर खेल रही थी। जबकि, परिजन खेतों में फसल की कटाई करने गए हुए थे। मां ने बताया कि शाम को जब घर लौटी तो बेटी लापता थी। काफी तलाश करने पर भी उसका कोई पता नहीं चला तो अगले दिन थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई।
खोजबीन करने पर पता चला कि घटना वाले दिन गांव के ही एक युवक ने बच्ची को दस रुपये देकर टाफी लाने के लिए भेजा था। शाम को बच्ची उस युवक के साथ देखी गई इसके बाद से लापता है। दुकानदार से यह सुराग मिलने पर पुलिस ने बुधवार को संदिग्ध युवक को उठा लिया है। सजेती एसओ ने बताया कि लापता बच्ची की तलाश की जा रही है।