रुरा स्थित पेय पदार्थ की दुकान में जांच करते खाद्य सुरक्षा अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को रूरा स्थित एक शीतल पेयपदार्थ के गोदाम में छापा मारकर भारी मात्रा में एक्सपायरी डेट माल को सीज कर दिया। विभाग को गोपनीय सूचना मिलने पर कार्रवाई की गई। बुधवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी हितेंद्र मोहन त्रिपाठी व खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसएन निरंजन व रूचि बाजपेई की टीम ने छापा मारकर बिना लाइसेंस चल रहे गोदाम मालिक के साथ डीलर को भी नोटिस जारी किया है।
\
जिला अभिहित अधिकारी आरके गुप्ता व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी हितेन्द्र मोहन त्रिपाठी ने बताया कि रूरा के वार्ड नंबर 2 में लाभम ट्रेडर्स के नाम से संचालित पेय पदार्थ के गोदाम में छापे मारी की गई। निरीक्षण के दौरान 200 एमएल व 500 एमएल की 150 केरेट कोल्ड ड्रिंक एक्सपायरी डेट की मिली है, जिनकी कीमत करीब 1 लाख 20 हजार की आंकी गई है।
बताया कि दुकान का संचालन सिठमरा निवासी लाभम गुप्ता करता है। जांच में दुकानदार के पास बिक्री करने का कोई लाइसेंस नहीं था। उन्होंने बताया कि लाभम ट्रेडर्स के गोदाम में संग्रहित एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक झींझक के शिवम इंटरप्राइजेज से खरीदी गई थी। लेकिन शिवम इंटरप्राइजेज ने इसका पक्का बिल नहीं दिया था।
खाद्य सुरक्षा टीम ने एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक को अग्रिम आदेशों तक बिक्री न करने की नोटिस दी। बिना खाद्य लाइसेंस प्राप्त किए कारोबार करने के कारण उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जबकि बिना बिल के शीतल पेय पदार्थ की सप्लाई करने के मामले में संबंधित कंपनी को नोटिस जारी किया है। उन्होंने कोल्ड ड्रिंक व मिनरल वाटर के दो नमूने भी जांच के लिए संग्रहित किए हैं।