फिरोजाबाद। थाना मटसैना क्षेत्र के गांव दौंकेली निवासी धर्मेंद्र कुमार ने ग्राम प्रधान चुनाव और जातीय रंजिश के चलते गांव के ही अमर सिंह, बड़ेल, वीरेन्द्र उर्फ भुल्ली, गुलाब सिंह, राजकुमार और नितिन पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। पीड़ित धर्मेंद्र के अनुसार, 13 मार्च 2025 की रात करीब 9:30 बजे जब वह दूध बेचकर घर लौट रहा था, तभी इन छह आरोपियों ने लाठी-डंडों, सरिया और तमंचे के साथ उसका रास्ता रोक लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी जमकर पिटाई की, जिससे उसके सिर और बाईं आंख में गंभीर चोट आई और उसे कम दिखाई देने लगा है। शोर मचने पर जब वह भागने लगा, तो आरोपी गुलाब सिंह ने उस पर तमंचे से फायरिंग भी की, जिसमें वह बाल-बाल बच गया। थाना पुलिस और एसएसपी कार्यालय में शिकायत के बाद भी जब कार्रवाई नहीं हुई, तो अब न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने इन छह नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद