फिरोजाबाद। यमुना की तलहटी वाले टूंडला, फिरोजाबाद, शिकोहाबाद और मदनपुर ब्लॉक के 34 गांवों में घाटों का सुंदरीकरण कराने के साथ विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके लिए पंचायतीराज विभाग व वन विभाग संयुक्त रूप से कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत गांव का गंदा पानी यमुना में पहुंचने से रोकने की भी तैयारी है। गांवों का समुचित विकास कराए जाने की कार्ययोजना बनाने के निर्देश कुछ दिन पूर्व जिले में आए नोडल अधिकारी समीर शुक्ला ने भी दिए हैं।
शहर से सात किलोमीटर दूर बहने वाली यमुना नदी को साफ सुथरा रखने के लिए व्यापक योजना केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से बनाई जा रही है। इसके तहत नदी किनारे बसे गांवों का गंदा पानी नदी में न पहुंचे इसकी भी कार्य योजना बनाई जा रही है।
इसी क्रम में 34 पंचायतों को चिह्नित कर यहां विशेष साफ सफाई अभियान चलाने के साथ ही पौधरोपण करने का काम किया जाएगा। मंदिर आदि का जीर्णोद्धार कराने के साथ ग्रामीण जनता को जागरूक करने के लिए स्वच्छता जागरुकता रैली भी निकाली जाएगी। लोगों को कूड़ादान मुहैया कराए जाएंगे। रोशनी के लिए स्ट्रीट लाइट लगेंगी, गांव के कूड़ा निस्तारण के लिए सोकपिट व कंपोस्ट पिट बनेंगे। पौधरोपण के साथ गांव में सामुदायिक शौचालय भवन, शवदाह गृह बनाए जाएंगे। कुछ पंचायतों ने तालाबों के सुधार कार्य, यमुना थीम कार्य उपवन, ओपन जिम के साथ स्वीमिंग पूल का निर्माण के प्रस्ताव को भी शामिल किया है।
इन पंचायतों से भेजे हैं प्रस्ताव
मदनपुर ब्लॉक के रुरिया स्वरूप में 26.55, मई गदोखर में 26.45, परियर में 44.40 , पुनच्छा में 54.04, मोहम्मदपुर नादई में 85.70, मड़वा में 43.84 लाख, उरावर हस्तर्फ में 57.75 लाख से कार्य कराने का प्रस्ताव भेजा गया है। शिकोहाबाद ब्लॉक के गांव मुबारकपुर में 25.70, हरिहा में 81.51, ततारपुर में 5.15 ,गढ़ी दानसहाय में 40.70 , बटेश्वर रोड पर स्थित रपड़ी में 102, अतापुर में 35.70, रजोपुरा में 35.70 लाख काम के लिए मांगे गए हैं। फिरोजाबाद ब्लॉक की ग्राम पंचायत जलालपुर में 19.45, अलहदादपुर में 45.20, सोफीपुर में 45.10, आनंदीपुर करकौली में 103, चंद्रवार में 81.15, मड़वा में 64.53, बसई मोहम्मदपुर में 72, उस्मानपुर मेें 39.30, शंकरपुर में 96.03, फरौल नगरिया में 53.50, कुर्रीकूपा में 91.70, वाजिदपुर कुतुकपुर में 20.10, गुदाऊं में 66.30 लाख से काम कराने के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। टूंडला के कुतुकपुर साहब में 50.70 लाख, अनवारा में 11.62 करोड़, धीरपुरा पंचायत में 1.57 रोड, रुधऊ मुश्तिकल में 55.20 लाख, ग्वारई नगला सिंघी में दो करोड़ 93 लाख 35 हजार, भीकनपुर बझेरा में 71.60 लाख, न्यामतपुर में 9.68 करोड़, रसूलाबाद में कार्य के लिए 1.28 करोड़ रुपये की डिमांड भेजी गई है।
यमुना की तलहटी के गांवों केे विकास कार्य कराने की योजना पंचायत स्तर से तैयार की गई है। इसमें घाटों का सुंदरीकरण कराए जाने का भी प्रस्ताव शामिल है। ताकि यमुना की तलहटी के गांवों का कायाकल्प हो सके। केंद्र के नोडल अधिकारी की ओर से दिए गए निर्देशों के तहत कुछ और बजट बढ़ने की संभावना है।
नीरज कुमार सिन्हा, जिला पंचायत राज अधिकारी फिरोजाबाद।