टूंडला। रेलवे ट्रेन मैनेजरों को 16 सितंबर से चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में कार्य कराए जाने की मांग को लेकर शनिवार को एनसीआरएमयू और एआईजीसी के पदाधिकारियों ने वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा।
यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि आगरा के ट्रेन मैनेजर की बीट टूंडला तक है। वह पहले से ही अतिरिक्त बीट किलोमीटर कार्य कर रहे है। उन्होंने कहा कि आगरा के ट्रेन मैनेजरों को टूंडला मुख्यालय की बीट में घुसने नहीं दिया जाएगा। अगर ऐसा होता है तो यूनियन प्रदर्शन को तैयार है। टूंडला के ट्रेन मैनेजर पिछले 3 वर्ष से उपेक्षा का शिकार हो रहे है। टूंडला के ट्रेन मैनेजरों ने प्रयागराज मुख्यालय के ट्रेन मैनेजर अरविंद तिवारी पर अधिकारियों को गलत दस्तावेज प्रस्तुत करके गुमराह करने का आरोप लगाया है।
एआईजीसी और एनसीआरएमयू के पदाधिकारियों ने कहा कि टूंडला के ट्रेन मैनेजरों को अपना पक्ष रखने के लिए प्रयागराज नही बुलाया जाता है। अरविंद तिवारी की संलिप्तता का विरोध पहले ही यूनियन कर चुकी है। यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि यह टूंडला मुख्यालय को समाप्त करने की साज़िश है। इसके कारण टूंडला रेलवे ट्रेन मैनेजरों की अर्थव्यवस्था पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा। अधिकारियों के गलत निर्णय के कारण ही कर्मचारी आक्रोशित होता है। ज्ञापन देने वालों में अमित पाल सिंह परमार, गोविंद बल्लभ मिश्रा, राजीव, प्रवीण, दिनेश आदि मौजूद रहे।